आगरा। दयालबाग, आगरा स्थित राधाबल्लभ पब्लिक स्कूल में शनिवार को अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ वार्षिक खेल दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. धर्मपाल सिंह एवं विशिष्ट अतिथि भारत शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के कोषाध्यक्ष के. एस. दुबे, निदेशक समर्थ मिश्रा, आदित्य, मीरा दुबे, आभा मिश्रा, रश्मि मिश्रा, सपना मिश्रा, सार्थक मिश्रा, प्रशासक श्री एस. के. सिंह, प्रधानाचार्य पंकज शर्मा, खेल निदेशक सुमित त्रेहन सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
खेल दिवस के दौरान विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट, एथलेटिक स्पर्धाओं तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने कौशल व अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। छात्रों के जोश और उत्साह से पूरा परिसर खेल भावना से सराबोर नजर आया।
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी संदेश देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के साथ-साथ पढ़ाई में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल और छात्रों के चेहरों पर मुस्कान के साथ हुआ।

