आगरा के किनारी बाजार इलाके में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक तीन मंजिला ज्वैलरी शोरूम की बिल्डिंग तेज धमाके के साथ भरभराकर गिर गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए।
मिली जानकारी के अनुसार, सीताराम कॉलोनी बल्केश्वर निवासी ज्वैलर रिंकू बंसल का किनारी बाजार में तीन मंजिला शोरूम था, जहां चांदी के आभूषण और बर्तनों का कारोबार किया जाता था। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब पांच साल पहले यह बिल्डिंग खरीदी थी और इन दिनों इसके पीछे मरम्मत का कार्य चल रहा था।
गुरुवार को दिन में शोरूम सामान्य रूप से खुला रहा, लेकिन रात में बंद होने के बाद करीब 11:45 बजे अचानक तेज धमाके के साथ पूरी इमारत धराशायी हो गई। बिल्डिंग गिरने से सड़क पर मलबा फैल गया और पास की एक अन्य दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसा देर रात बाजार बंद होने के समय हुआ, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल, पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर बिल्डिंग में चल रहे मरम्मत कार्य को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

