आगरा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 एवं 15 जून से 21 जून तक आयोजित किए जा रहे “योग सप्ताह” कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार को सिकंदरा स्थित श्री रामलाल वृद्ध आश्रम में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरफराज आलम के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक लोकेंद्र शर्मा ने वृद्धजनों को सामूहिक योगाभ्यास कराया। इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार एवं डॉ. ज्योति धाकड़ ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व तथा नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 की थीम “Yoga for Healthy Aging” (स्वस्थ आयु के लिए योग) पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि इस वर्ष की थीम का उद्देश्य बढ़ती उम्र में भी लोगों को स्वस्थ, ऊर्जावान, सक्रिय और संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।

योगाभ्यास में वृद्धाश्रम के निवासियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को योग के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में कुल 312 लाभार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री रामलाल वृद्ध आश्रम के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए आयोजकों ने उनका आभार व्यक्त किया।

