कोलकाता। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने एक महीने तक चली विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–2025) प्रक्रिया के बाद पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची का मसौदा जारी कर दिया है। इस प्रक्रिया के तहत उन मतदाताओं की अलग सूची भी प्रकाशित की गई है, जिनके नाम हटाने का प्रस्ताव या रद्द किए गए हैं। हटाए गए नामों की सूची आयोग के आधिकारिक लिंक पर उपलब्ध है। आयोग ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद तैयार की गई संपूर्ण मसौदा मतदाता सूची दोपहर 12 बजे तक जारी की जानी निर्धारित है।
सूत्रों के अनुसार, आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची को अद्यतन और शुद्ध करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर सत्यापन किया गया। इसके परिणामस्वरूप कुल 58,20,898 नाम मसौदा सूची से हटाए गए हैं।
हटाए गए नामों का वर्गीकरण (आंकड़े):
- मृत मतदाता: 24,16,852
- स्थानांतरित (पता बदलने वाले): 19,88,076
- लापता: 12,20,038
- डुप्लीकेट/एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत: 1,38,328
- अन्य श्रेणी: 57,604
चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, जिन मतदाताओं का पता नहीं चल पाया, उनके मामलों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा घर पर तीन या अधिक बार जाने के बाद भी संपर्क न हो पाने पर उन्हें ‘लापता’ श्रेणी में रखा गया। वहीं, एक से अधिक स्थानों पर पंजीकरण पाए जाने पर गलत पते से नाम हटाकर केवल सत्यापित पते पर ही नाम रखा जाएगा। फर्जी पाए गए मतदाताओं के नाम मसौदा सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।
आयोग का कहना है कि यह कवायद चुनाव से पहले सटीक, पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची सुनिश्चित करने के लिए की गई है, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता रोकी जा सके।

