बटेश्वर मेला ताज महोत्सव की तर्ज पर होगा आयोजित, खेल, सड़क, स्वच्छता और स्मार्ट विलेज पर विशेष फोकस
आगरा। जिला पंचायत आगरा कार्यालय में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 59 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर मुख्य अधिकारी उमेश चंद्र सहित जिला पंचायत के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बजट पारित होने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि यह बजट अन्त्योदय की भावना से प्रेरित है, जिसमें गाँव, किसान, गरीब, महिलाएं और युवाओं के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा, “विकसित गाँव–विकसित देश हमारा मूल मंत्र है और इस बजट के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।”
खेल व युवाओं के लिए विशेष प्रावधान
ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये तथा ग्राम पंचायत स्तर पर चिल्ड्रन पार्क निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही जिला पंचायत की रिक्त भूमि पर रेस्ट हाउस निर्माण हेतु 1.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
स्वच्छता और जल संरक्षण पर ज़ोर
स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सार्वजनिक शौचालयों और नाली निर्माण हेतु 7 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है। गिरते भूजल स्तर को ध्यान में रखते हुए नए जलाशयों के निर्माण, पुराने जलाशयों के गहरीकरण एवं सौंदर्याकरण के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
सड़क और ग्रामीण आवागमन
ग्रामीण आवागमन को मजबूत बनाने के लिए नई सड़कों के निर्माण, लेपन एवं मरम्मत कार्यों हेतु 8 करोड़ रुपये, जबकि आरसीसी खरंजा एवं इंटरलॉकिंग कार्यों के लिए 14 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया है।
स्मार्ट विलेज और पर्यटन को बढ़ावा
स्मार्ट विलेज योजना के अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक में एक स्मार्ट गांव विकसित करने के लिए 7.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बटेश्वर मेले का आयोजन ताज महोत्सव की तर्ज पर किए जाने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए आवश्यक बजट का प्रावधान किया गया है।
अन्य महत्वपूर्ण प्रावधान
जिला पंचायत की आय बढ़ाने के लिए रिक्त भूमि पर दुकानों के निर्माण हेतु 1.5 करोड़ रुपये
रामायण वाटिका एवं नंदन क्रीडास्थल निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये
खेल सामग्री व प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 30 लाख रुपये
विज्ञापन मद में 20 लाख रुपये
आपदा राहत एवं आकस्मिक व्यय के लिए 20 लाख रुपये
वृक्षारोपण एवं ट्री गार्ड के लिए 10 लाख रुपये
कर्मचारियों के वेतन, भत्ते एवं पेंशन हेतु 6 करोड़ रुपये
मनरेगा के स्थान पर नए अधिनियम का समर्थन
बैठक में ग्रामीण विकास को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मनरेगा के स्थान पर वीवीजी राम जी अधिनियम लागू किए जाने के समर्थन में सदन द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।

