आगरा। जूता व्यापारी के प्रतिष्ठान में हुई 97 लाख रुपये की बड़ी चोरी का पुलिस ने मात्र सात घंटे में सफल अनावरण कर एक मिसाल कायम की। इस सराहनीय कार्य के लिए द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन द्वारा पुलिस टीम के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम हींग की मंडी स्थित फैडरेशन कार्यालय में संपन्न हुआ, जहां समस्त पुलिसकर्मियों को स्मृति-चिन्ह व पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसीपी वीरेन्द्र दुबे, फैडरेशन अध्यक्ष विजय सामा, थाना एमएम गेट के थानाध्यक्ष रोहित कुमार तथा थाना नाई की मंडी के थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार द्वारा फैडरेशन के संस्थापक स्व. राजकुमार सामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
फैडरेशन अध्यक्ष विजय सामा ने पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की सेवा, सुरक्षा और संवेदना की भावना को पुलिस ने धरातल पर उतारते हुए चोरी का खुलासा रिकॉर्ड समय में किया। उन्होंने घोषणा की कि व्यापारियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए फैडरेशन द्वारा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा एक कंट्रोल रूम की स्थापना भी कराई जाएगी, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी और व्यापारी निश्चिंत होकर व्यापार कर सकेंगे।
मुख्य अतिथि एसीपी वीरेन्द्र दुबे ने कहा कि व्यापारियों का पुलिस व शासन-प्रशासन पर विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। समय पर सूचना मिलने से पुलिस टीम ने समन्वित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। उन्होंने हाल ही में घटित अन्य घटनाओं के सफल अनावरण का भी उल्लेख किया और भरोसा दिलाया कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
इस अवसर पर नरेन्द्र पुरुस्नानी, दिलप्रीत सिंह, अजय महाजन, अनिल लाल, हरीश वांजनी, सुरेश सीतलानी, गोवर्धन सुनेजा, संजय मगन, चाँद दीवान, प्रमोद जैन, मोना भाई, मुरलीधर जी, राजेश कर्मचंदानी, प्रमोद महाजन, घनश्याम दास जी, दिलीप खुबचंदानी, सुनील विज, भीष्म लालवानी, ईश्वर सेवकानी, ललित जी सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे।

