अपराध

बांदा मंडल की हाई सिक्योरिटी जेल से फरार हुआ कैदी

 

विनोद मिश्रा
बांदा। मंडल मुख्यालय की हाई सिक्योरिटी जेल से कैदी के फरार हो जाने से सुरक्षा व्यवस्था के सारे दावे फुर्र हो गये हैं। फरार हुआ कैदी विजय आरख इसी साल फरवरी में जेल लाया गया था. रविवार शाम करीब 7.30 बजे वह फरार होने में कामयाब हो गया।
बांदा की हाई सिक्योरिटी जेल से कैदी के फरार होने से हड़कंप मचा हुआ है।दरअसल इसी जेल में माफिया मुख्तार अंसारी के होने से भारी सुरक्षा व्यवस्था के दावे किये जा रहे थे।
इतनी सुरक्षा होने के बाद भी आखिर जेल से रविवार को कैदी कैसे फरार हो गया?यह सवाल लगातार उठ रहा है।मुख्तार अंसारी को जेल में बंद किए जाने के बाद दावा किया जा रहा था कि यहां पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। पुलिस का कहना था कि हाई सिक्योरिटी की वजह से परिंदा भी जेल में पर नहीं मार सकता।अब कैदी के फरार होने के बाद पुलिस की काफी फजीहत हो रही है।
बांदा मंडल कारागार से फरार हुआ कैदी विजय आरख इसी साल फरवरी में जेल लाया गया था।खबर के मुताबिक रविवार शाम करीब 7.30 बजे वह जेल से फरार होने में कामयाब हो गया। इस खबर के बाद जेल में हड़कंप मच गया।आनन फानन में जिला प्रशासन के साथ ही पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और कैदियों की गिनती की गई।
कैदी के गायब होने की जानकारी देते हुए डिप्टी एसपी राकेश सिंह ने कहा कि बांदा जेल से एक कैदी गायब है. उसका नाम विजय आखर है। वह बांदा के ही बरसड़ा बुजुर्ग गांव का रहने वाला है।उन्होंने बताया कि लूट और डकैती के जुर्म में 16 फरवरी को उसे जेल में बंद किया गया था। गायब कैदी को ढूंढने की कोशिश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद जब कैदियों की गिनती की गई तो विजय गायब था।खाना खाने के बाद वह पानी पीने गया था, जिसके बाद वह गायब हो गया। उसे बैरक नंबर 4 बी में रखा गया था। जेल के अधिकारियों का कहना है कि वह जेल में ही कहीं छिपा हो सकता है। उसे ढूंढने की कोशिश की जा रही है। तीन घंटे तक सर्च करनेके बाद उसका कुछ भी पता नहीं चल सका।आगे की कार्रवाई की जा रही है।