मिर्जा मुकर्रम बेग ने प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली की मौजूदगी में दिलाई सदस्यता
आगरा। आगरा की सियासत में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं राजनीतिक-सामाजिक गतिविधियों से जुड़े मोहम्मद खालिक ने AIMIM की सदस्यता ग्रहण की।
AIMIM के ज्वाइंट सेक्रेटरी मिर्जा मुकर्रम बेग ने प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली की मौजूदगी में मोहम्मद खालिक को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया तथा संगठन में शामिल होने पर शुभकामनाएं दीं।
मोहम्मद खालिक पूर्व में आगरा से विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी रह चुके हैं। इसके अलावा वह AIUML के पूर्व जिला अध्यक्ष, आगरा और यूनियन इंडियन मुस्लिम लीग के प्रदेश सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके AIMIM में शामिल होने को आगरा में संगठन के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने को लेकर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से सामने लाना है।
मोहम्मद खालिक ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि मोहम्मद खालिक के AIMIM से जुड़ने से आगरा में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।
— टाइम्स ऑफ ताज ब्यूरो, आगरा
