ताज सुरक्षा पुलिस ने छात्राओं को साइबर हेल्पलाइन 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल की दी जानकारी
आगरा, 18 अगस्त। पुलिस कमिश्नर आगरा के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना ताज सुरक्षा पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया दल ने जवाहर नवोदय विद्यालय, दौसा (राजस्थान) से ताजमहल भ्रमण के लिए पहुंची छात्राओं के समूह को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
ताज सुरक्षा पुलिस टीम ने छात्राओं का स्वागत करने के साथ उन्हें साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से लोगों को डराकर या झांसा देकर उनके बैंक खातों और निजी जानकारी तक पहुंचने का प्रयास करते हैं।
पुलिस टीम ने छात्राओं को किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा www.cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करने की जानकारी दी।
इसके साथ ही ताज सुरक्षा पुलिस ने छात्राओं को ताजमहल से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई और भ्रमण के दौरान सुरक्षा संबंधी सावधानियों से अवगत कराया।
साइबर जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीम में उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल, आरक्षी आशु और महिला आरक्षी मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सतर्क रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करें।
