लखनऊ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में गुरुवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद काजी शायान मसूद समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें सदस्यता दिलाई।
शायान मसूद पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सहारनपुर के पूर्व सांसद रशीद मसूद के पोते हैं। उनके सपा में शामिल होने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें बेहट विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है।
हालांकि, शायान के चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच इमरान मसूद पहले ही कह चुके थे कि उनके परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा। अब शायान के सपा में शामिल होने के बाद इस बयान को लेकर भी सियासी अटकलें तेज हो गई हैं।
शायान मसूद की ज्वाइनिंग के दौरान उनके पिता शादान मसूद, बेहट विधायक उमर अली खान और पूर्व विधायक माविया अली भी मौजूद रहे। हाल के दिनों में सपा विधायक आशु मलिक और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बीच कथित बहस का वीडियो वायरल होने के बाद पश्चिमी यूपी की सियासत में पहले से ही हलचल बनी हुई थी।
शायान मसूद की सपा में एंट्री को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी में सपा की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
