स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले गए, कालेज प्रशासन ने निमोनिया को बताया मृत्यु की वजह
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार को छत का प्लास्टर गिरने से घायल हुए 10 वर्षीय बालक उमेर की शनिवार को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव अपने साथ ले गए।
मूल रूप से अलीगढ़ निवासी आमिर खान ने अपने 10 वर्षीय बेटे उमेर को सांस लेने में परेशानी होने पर बुधवार को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बच्चा वार्ड की छत का प्लास्टर अचानक उमेर के ऊपर गिर गया। हादसे में उसके सिर और गर्दन में चोट आई थी। इसके बाद उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि उमेर को गंभीर निमोनिया था और वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर था। उसकी हालत पहले से गंभीर थी और इसी दौरान इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
प्लास्टर गिरने की घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर वार्ड में भर्ती अन्य बच्चों को भी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया था। घटना के बाद अस्पताल की इमरजेंसी भवन की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, कालेज प्रशासन का कहना है कि बालक की मृत्यु गंभीर निमोनिया के चलते हुई है।
