भव्य श्याम अखाड़े में गूंजेगा बाबा श्याम का संकीर्तन, इत्र-पुष्प वर्षा से सजेगा श्याम दरबार
आगरा। श्री श्याम आस्था परिवार आगरा (खाटू धाम) की ओर से 14वां वार्षिक उत्सव श्री श्याम तीज महोत्सव 12 नवंबर, गुरुवार को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर शुक्रवार को कमला नगर स्थित होटल बीबी ग्रैंड में उद्घोषणा समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी दी गई। समारोह का शुभारंभ महंत सिद्धिनाथ (कामाख्या देवी मंदिर, गुवाहाटी) ने बाबा श्याम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
संरक्षक वीरेंद्र सिंह मेड़तवाल एवं संस्थापक राहुल बंसल ने बताया कि श्री श्याम आस्था परिवार पिछले 14 वर्षों से श्री श्याम तीज महोत्सव के माध्यम से बाबा श्याम की भक्ति और सेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहा है। इस वर्ष भी महोत्सव को भव्य एवं आध्यात्मिक स्वरूप दिया गया है। संस्था का उद्देश्य भक्ति को सेवा से जोड़कर समाज में सहयोग, करुणा और समर्पण की भावना को मजबूत करना है।
10 नवंबर को निकलेगी आमंत्रण एवं निशान यात्रा
महोत्सव से पूर्व 10 नवंबर को आमंत्रण एवं निशान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा रावतपाड़ा स्थित श्री मनःकामेश्वर मंदिर से शुरू होकर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचेगी। श्रद्धालु बाबा श्याम को निशान अर्पित कर महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।
ऑडिटर विपुल वर्मा ने बताया कि 11 नवंबर को शाम 5 बजे पार्क वैली अपार्टमेंट, बैनाारा फैक्ट्री के पास, बोदला में श्री श्याम नाम की मेहंदी एवं अरदास-कीर्तन का आयोजन होगा। श्रद्धालु बाबा श्याम के नाम की मेहंदी लगाकर भक्ति के रंग में रंगेंगे और सामूहिक अरदास एवं संकीर्तन के माध्यम से महोत्सव की सफलता की मंगलकामना करेंगे।
श्याम अखाड़े में उमड़ेगा भक्ति का सैलाब
अध्यक्ष दिव्य मेड़तवाल एवं कोषाध्यक्ष संजय मित्तल ने बताया कि 12 नवंबर को शाम 4 बजे से हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में भव्य श्री श्याम अखाड़ा शुरू होगा। बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया जाएगा। मधुर संकीर्तन के बीच इत्र एवं पुष्प वर्षा श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेगी।
विपिन मित्तल एवं सुमित मित्तल (किरावली) ने बताया कि आयोजन में वृंदावन की श्रीजी सखी, भजन सम्राट सौरभ शर्मा कोलकाता, भजन सम्राट राज पारीक कोलकाता, परविंदर पलक हरियाणा, कुंज बिहारी दास वृंदावन, नरेश खत्री, अनूप गोयल, राजा सांवरिया एवं त्रिलोकी शर्मा बाबा श्याम का संकीर्तन करेंगे। संगीत व्यवस्था अंकित म्यूजिशियन द्वारा की जाएगी।
उपाध्यक्ष अजय बंसल एवं नितेश अग्रवाल मई ने बताया कि श्याम अखाड़े में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को श्रद्धा, अनुशासन एवं भव्यता के साथ संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
भक्ति के साथ सेवा का संकल्प
अनुराग अग्रवाल एवं निपुण अग्रवाल ने बताया कि श्री श्याम आस्था परिवार का मूल उद्देश्य बाबा श्याम की भक्ति को सेवा से जोड़ना है। संस्था की ओर से वर्षभर विभिन्न सेवा कार्य किए जाते हैं। इनमें शुक्ल पक्ष एकादशी पर प्रतिमाह खाटू धाम में संकीर्तन, मासिक अनाथालय भोजनालय एवं भजन सेवा, आगरा से खाटू धाम की वार्षिक पैदल डाक निशान यात्रा, प्रतिमाह खाटू श्याम पूजा-अर्चना एवं अर्पण, नियमित गौशाला में गौ सेवा, वार्षिक निशुल्क खाटू धाम यात्रा तथा सूरकूटी में मासिक भजन सेवा प्रमुख हैं।
ये रहे मौजूद
उद्घोषणा समारोह में मार्गदर्शक सुनील जैन, महामंत्री आयुष जैन, महासचिव राजीव तिवारी, संगठन मंत्री अंकित अग्रवाल, गोपाल, धर्म, रोहित, सचिन, सतीश, जगदीश, नीरज, रामगोपाल, मुकेश पाल, अनुज सिंघल, श्याम विश्वास, विष्णु अग्रवाल राधे-राधे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
