आगरा। लोहामंडी क्षेत्र में देर रात रांग साइड से आ रही तेज रफ्तार XUV ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को रौंद दिया। भीषण हादसे में छोटे भाई शाकिर अंसारी की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई बंटी अंसारी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही महानगर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग, आगरा के अध्यक्ष बशीर उल हक रॉकी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। रॉकी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस-प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

पथरी के दर्द में भाई को इंजेक्शन लगवाने निकला था शाकिर
लोहामंडी के नौबस्ता निवासी साबिर अंसारी के मुताबिक, 23 अगस्त की रात उनके बड़े बेटे बंटी को पथरी का तेज दर्द उठा था। छोटा बेटा शाकिर उसे इंजेक्शन लगवाने टंडन हॉस्पिटल लेकर गया था। रात करीब दो बजे दोनों भाई बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
मदिया कटरा तिराहे के पास सामने से रांग साइड में तेज रफ्तार से आ रही XUV 700 (UP 80 HS 7070) ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई काफी दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए।
हादसे के बाद कार छोड़कर भागा चालक
परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद चालक दोनों घायलों को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। बताया गया कि वह सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए कैलाशपुरी से बिल्लोचपुरा रेलवे फाटक की ओर भागा, लेकिन रेलवे फाटक बंद होने के कारण कार छोड़कर फरार हो गया।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने शाकिर को मृत घोषित कर दिया। बंटी की हालत गंभीर होने के कारण उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घर से सिर्फ 500 मीटर पहले हादसा
मृतक के पिता साबिर अंसारी ने बताया कि हादसा उनके घर से महज करीब 500 मीटर पहले हुआ। दोनों बेटे मजदूरी करते थे। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटनाग्रस्त कार में शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं। हादसे का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है।
पुलिस ने XUV को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
रॉकी ने परिवार को दिया भरोसा, कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान बशीर उल हक रॉकी ने कहा कि इतनी गंभीर घटना में दोषी को किसी भी सूरत में बचने नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
रॉकी ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह हर संभव स्तर पर परिवार के साथ खड़े रहेंगे।
