मुंबई। बॉलीवुड से मंगलवार को बेहद दुखद खबर सामने आई। मशहूर फिल्म निर्देशक और अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। फिल्ममेकर और उनके करीबी मित्र अशोक पंडित ने भी उनके निधन की पुष्टि की है।
कुकू कोहली हिंदी सिनेमा में खास तौर पर ‘फूल और कांटे’ के लिए याद किए जाएंगे। वर्ष 1991 में रिलीज हुई इस फिल्म से अजय देवगन ने बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म की सफलता ने अजय देवगन के फिल्मी करियर की मजबूत नींव रखी।
कुकू कोहली ने इसके बाद ‘सुहाग’, ‘कोहराम’, ‘हकीकत’, ‘जुल्मी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उनकी फिल्मों में अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार सहित कई बड़े कलाकारों ने काम किया।
कुकू कोहली के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अशोक पंडित ने उन्हें अपना अच्छा दोस्त और बेहतरीन फिल्ममेकर बताते हुए श्रद्धांजलि दी तथा अभिनेत्री अरुणा ईरानी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रिपोर्टों के अनुसार, कुकू कोहली के अंतिम दर्शन बुधवार सुबह मुंबई के लोखंडवाला स्थित ग्रीन एकर्स में होंगे और इसके बाद ओशिवारा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
