आगरा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर समाजवादी पार्टी की ओर से ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सेमरी का ताल गांव में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं को ₹20 प्रति किलो की दर से चीनी का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष उदय सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष जितेंद्र चक, विमल यादव, इंद्रपाल, विजय, राजू, अनुज, मेहताब सिंह कुशवाहा समेत पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को रक्षाबंधन के त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाना है। कम कीमत पर चीनी मिलने से जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली और महिलाओं के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े होने और उनके जीवन में खुशियों की मिठास घोलने का भी अवसर है। रक्षाबंधन के मौके पर आयोजित इस पहल को जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़कर देखा गया।
