आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र के चिम्मनलाल का बाड़ा में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बस्ती के लोगों ने नाले में 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान शीला देवी (69) के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह अपने घर में अकेली रहती थीं। उनकी एक बेटी बबली है, जिसका विवाह हो चुका है और वह अपनी ससुराल में रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शीला देवी के मकान के सामने नाला है। नाले को पार करने और घर तक आने-जाने के लिए सीढ़ियां रखी हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार रात किसी समय सीढ़ियों से गुजरते हुए उनका पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गईं।
बताया जा रहा है कि गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई होगी। उम्र अधिक होने के कारण वह स्वयं नाले से बाहर नहीं निकल सकीं और पूरी रात नाले में पड़ी रहीं। बुधवार सुबह करीब 8 बजे बस्ती के लोगों की नजर नाले में पड़ी तो घटना की जानकारी हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पुलिस महिला के रिश्तेदारों का पता लगाने और उन्हें घटना की सूचना देने के प्रयास में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
घटना ने एक बार फिर खुले नालों और असुरक्षित आवागमन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
