आगरा। श्रावण मास की पावन बेला में विद्या भारती से सम्बद्ध शिशु शिक्षा समिति, ब्रज प्रदेश के नियोजन के अनुसार सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तर विजयनगर आगरा के करीब 200 भैया-बहनों ने भव्य एवं संस्कारमय कावड़ यात्रा निकाली। भगवा वेशभूषा में कावड़ लेकर निकले बच्चों के “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्यालय के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल एवं व्यवस्थापक किशोरी श्याम गोयल ने भगवान शिव परिवार का पूजन-अर्चन कर किया। इसके बाद भैया-बहन हाथों में कावड़ लेकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ यात्रियों का स्वागत किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों में यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
विद्यालय परिवार के अनुसार, कावड़ यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना तथा उनमें सेवा, संयम, अनुशासन, श्रद्धा और सामाजिक समरसता की भावना विकसित करना है।
आयोजन में प्रबंध समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, व्यवस्थापक किशोरी श्याम गोयल, प्रधानाचार्य अरविंद तिवारी, विद्यालय के सभी आचार्य-आचार्याओं एवं अभिभावकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय प्रबंध समिति ने कहा कि बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव और संस्कारों की भावना मजबूत होती है।
विद्यालय की मीडिया प्रभारी नेहा अग्रवाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
