आगरा, 27 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर दृष्टिबाधित आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने जिलाधिकारी मनीष बंसल की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने छात्राओं के स्नेह को स्वीकार करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं, खान-पान और रहने की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहें।
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का तोहफा
जिलाधिकारी ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया गया है।
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की समस्त बसों में सभी महिलाओं को एक सहयात्री के साथ 27 अगस्त 2026 की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। जिलाधिकारी ने महिलाओं से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
बाजारों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को बाजारों और प्रमुख क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, व्यवस्थित पार्किंग तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और रक्षाबंधन का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
