बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। पूर्व राज्यमंत्री और भाजपा विधायक अनिल शर्मा का बुधवार दोपहर निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के बीएल कपूर हॉस्पिटल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे।
अनिल शर्मा के निधन की खबर से बुलंदशहर जिले में शोक की लहर दौड़ गई। उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में गम का माहौल है।
ग्राम प्रधान से शुरू किया था राजनीतिक सफर
बुलंदशहर जिले के ग्राम सुरजावली निवासी अनिल शर्मा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत ग्राम प्रधान के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम बढ़ाया और लगातार अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की।
अनिल शर्मा खुर्जा विधानसभा क्षेत्र से दो बार और शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से भी दो बार विधायक रहे। प्रदेश की पिछली भाजपा सरकार में उन्हें वन राज्यमंत्री की जिम्मेदारी भी मिली थी।
लंबे राजनीतिक अनुभव के दौरान उन्होंने क्षेत्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त करना शुरू कर दिया है।
नोट: यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है। जैसे-जैसे अनिल शर्मा के निधन, अंतिम संस्कार और शोक संवेदनाओं से जुड़ी नई जानकारी सामने आएगी, खबर को अपडेट किया जाएगा। Times of Taj अपने पाठकों तक ताजा और प्रमाणित जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
