आगरा। ताजगंज क्षेत्र के बिल्लौचपुरा में कब्रिस्तान के पास पिछले काफी समय से 3-4 स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण रात के समय सड़क और कब्रिस्तान के आसपास अंधेरा छा जाता है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी सोहिल खान पुत्र शन्ने खान ने बताया कि उनके घर के पास स्थित कब्रिस्तान में सड़क से होकर लोगों का आना-जाना होता है। लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण रात में रास्ते पर पर्याप्त रोशनी नहीं रहती। विशेष रूप से किसी मृतक को दफनाने के लिए कब्रिस्तान ले जाने के दौरान लोगों को काफी दिक्कत होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे के कारण हादसे की आशंका भी बनी रहती है। लोगों ने संबंधित विभाग से खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त कराने अथवा नई स्ट्रीट लाइटें लगवाने की मांग की है।
वहीं, समस्या को गंभीरता से लेते हुए ऑल इंडिया इत्तिहाद-ए-मुस्लिमीन के संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश, मिर्जा मुकर्रम बेग ने आगरा मंडलायुक्त को पत्र लिखकर बिल्लौचपुरा कब्रिस्तान और आसपास की सड़क पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने की मांग की है।
उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा कि जनहित को देखते हुए संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को रात के समय आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
