नई दिल्ली। संजय लीला भंसाली की चर्चित फिल्म पद्मावत में दिखाए गए जौहर के दृश्य को लेकर अभिनेत्री स्वरा भास्कर की पुरानी टिप्पणी एक बार फिर चर्चा में है। दिल्ली में आयोजित ‘वुमन | लाइफ | फ्रीडम’ कार्यक्रम के दौरान दिए गए बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वरा को तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। अब अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए अपने बयान पर सफाई दी है।
स्वरा भास्कर ने मंगलवार, 1 सितंबर को इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो रानी पद्मावती को कायर कहा और न ही जौहर करने वाली महिलाओं को।
स्वरा ने कहा कि कार्यक्रम में उनसे पूछा गया था कि पद्मावत देखने के बाद उन्होंने संजय लीला भंसाली को ओपन लेटर क्यों लिखा था। इसी सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने फिल्म के क्लाइमेक्स और जौहर के दृश्य से अपने व्यक्तिगत विचार साझा किए थे।
अभिनेत्री के मुताबिक, उनका सवाल यह था कि यदि कोई महिला यौन हिंसा की शिकार होने के बाद जीवित बचती है, तो क्या समाज उसे यह महसूस कराए कि उसने अपनी जान देकर ‘इज्जत’ बचाने के बजाय जीवित रहकर कोई गलती की है।
उन्होंने कहा कि उनका बयान किसी ऐतिहासिक चरित्र को कायर बताने के लिए नहीं था, बल्कि वह इस बात पर सवाल उठा रही थीं कि फिल्मों में ऐसे दृश्यों का यौन हिंसा से बची महिलाओं पर क्या प्रभाव पड़ सकता है।
स्वरा ने कहा कि देश में बलात्कार और यौन हिंसा की घटनाएं गंभीर सामाजिक चिंता का विषय हैं। ऐसे में फिल्मों और लोकप्रिय संस्कृति को यह संदेश देने से बचना चाहिए कि किसी महिला की ‘पवित्रता’ या ‘इज्जत’ उसके जीवन से अधिक महत्वपूर्ण है।
उन्होंने निर्भया कांड का भी उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को महिलाओं के जीने की इच्छा और उनके संघर्ष को महत्व देना चाहिए। उनके अनुसार, यौन हिंसा की पीड़िता को दोषी या कमजोर महसूस कराने के बजाय उसके जीवित रहने और आगे बढ़ने के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए।
गर्भवती महिला के दृश्य पर भी जताई आपत्ति
स्वरा ने पद्मावत के जौहर दृश्य में दिखाए गए एक गर्भवती महिला के शॉट पर भी अपनी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस दृश्य को देखकर उन्हें गुस्सा आया और उन्हें लगा कि इसमें एक अजन्मे बच्चे के भविष्य को भी हिंसा और ‘इज्जत’ की अवधारणा से जोड़कर दिखाया गया है।
गौरतलब है कि स्वरा भास्कर ने पद्मावत की रिलीज के बाद फिल्म को लेकर संजय लीला भंसाली को एक ओपन लेटर भी लिखा था। उस समय भी उनके विचारों को लेकर काफी विवाद हुआ था। अब पुराने बयान के एक वीडियो के दोबारा वायरल होने से यह बहस फिर तेज हो गई है।
स्वरा ने अपनी सफाई में कहा कि लोग उनके बयान से असहमत हो सकते हैं और उनकी आलोचना भी कर सकते हैं, लेकिन उनके मुताबिक आलोचना उस बात के लिए होनी चाहिए जो उन्होंने वास्तव में कही है, न कि उसके गलत अनुवाद या कथित गलत व्याख्या के आधार पर।
वर्कफ्रंट की बात करें तो स्वरा भास्कर हाल में अपने पति फहाद अहमद के साथ रियलिटी शो पति पत्नी और पंगा में नजर आई थीं।
