आगरा। 10वीं कक्षा उत्तीर्ण युवाओं के लिए भारतीय डाक विभाग में सरकारी नौकरी पाने का शानदार अवसर है। ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के 23,757 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया है। खास बात यह है कि चयन के लिए उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। अभ्यर्थियों का चयन 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट सूची से किया जाएगा।
भर्ती में ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पद शामिल हैं। नौकरी की तलाश कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
पंजीकरण और आवेदन की तारीख
भर्ती प्रक्रिया के तहत वन टाइम रजिस्ट्रेशन 31 अगस्त से 19 सितंबर तक किया जा सकेगा। वहीं ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया 2 सितंबर से 21 सितंबर तक चलेगी।
विभाग के अनुसार एक उम्मीदवार सिर्फ एक बार पंजीकरण कर सकता है। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को हाल की फोटो और हस्ताक्षर भी अपलोड करने होंगे।
सामान्य वर्ग को देनी होगी 100 रुपये फीस
आवेदन के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं आरक्षित वर्ग समेत निर्धारित अन्य श्रेणियों के उम्मीदवारों को शुल्क में छूट दी गई है।
18 से 40 वर्ष तक की उम्र जरूरी
प्रतापपुरा स्थित प्रधान डाकघर के प्रवर डाकपाल शशिकांत जैन के अनुसार, ग्रामीण डाक सेवक पदों के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को तीन वर्ष तथा PwBD श्रेणी के उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।
बिना परीक्षा मेरिट से होगा चयन
इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। 10वीं के प्राप्तांकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
ऐसे में 10वीं में अच्छे अंक हासिल करने वाले युवाओं के लिए डाक विभाग की यह भर्ती सरकारी नौकरी पाने का बेहतर अवसर साबित हो सकती है। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन में अपनी पात्रता, पद, राज्यवार रिक्तियों और अन्य शर्तों की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।
GDS फॉर्म भरने का तरीका
- India Post GDS की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट खोलें।
- सबसे पहले One Time Registration (OTR) करें।
- नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल आदि जानकारी भरें।
- OTR के बाद लॉगिन करके GDS Recruitment → Apply Online पर जाएं।
- अपना राज्य और पद/पोस्ट ऑफिस की प्राथमिकताएं चुनें।
- 10वीं की मार्कशीट के अनुसार अंक और शैक्षणिक विवरण भरें।
- हाल की फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
- सामान्य वर्ग के उम्मीदवार होने पर निर्धारित ₹100 आवेदन शुल्क जमा करें; पात्र आरक्षित श्रेणियों को शुल्क छूट मिलती है।
- फॉर्म को अच्छी तरह जांचकर Final Submit करें।
- आवेदन की PDF/रसीद डाउनलोड करके सुरक्षित रखें।
