रहस्य और लोककथाओं की दुनिया में प्यार का रंग, सोशल मीडिया पर छाई नई ऑन-स्क्रीन जोड़ी
मुंबई। रहस्य, रोमांच और लोककथाओं की अनोखी दुनिया में अब प्यार की दस्तक हो चुकी है। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द वन’ का पहला गाना ‘समझो ना’ रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। गाने में पहली बार सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना की जोड़ी रोमांटिक अंदाज में नजर आ रही है, जिसे दर्शकों की ओर से खूब पसंद किया जा रहा है।
फिल्म के टीजर ने जहां दर्शकों को रहस्यमयी और अलौकिक दुनिया की झलक दिखाई थी, वहीं ‘समझो ना’ कहानी का बिल्कुल अलग और रोमांटिक पहलू सामने लेकर आया है। गाने में सिद्धार्थ और तमन्ना के किरदारों के बीच की नजदीकियां और केमिस्ट्री देखने को मिलती है।
फ्रेश जोड़ी ने जीता दिल
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना की यह पहली ऑन-स्क्रीन रोमांटिक जोड़ी है। दोनों की फ्रेश केमिस्ट्री को लेकर सोशल मीडिया पर भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई दर्शक इस जोड़ी को ‘ब्लॉकबस्टर जोड़ी’ तक कह रहे हैं।
रहस्य और रोमांच से भरी फिल्म के बीच ‘समझो ना’ प्यार और भावनाओं की एक खूबसूरत परत जोड़ता है। गाने के विजुअल्स और दोनों कलाकारों की स्क्रीन प्रेजेंस इसे फिल्म के सबसे चर्चित पहलुओं में शामिल कर रही है।
जुबिन- सुवर्णा की आवाज, तनिष्क का संगीत
‘समझो ना’ को तनिष्क बागची ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है। गाने को जुबिन नौटियाल और सुवर्णा तिवारी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। कृष्णा किशोर ने अतिरिक्त लाइव प्रोडक्शन संभाला है। गाने को एरिक पिल्लई ने मिक्स और मास्टर किया है।
जुबिन नौटियाल ने गाने को लेकर कहा कि इसमें एक खूबसूरत मासूमियत और एहसास है। उन्होंने तनिष्क बागची की धुन और मनोज मुंतशिर के बोलों की तारीफ करते हुए कहा कि सिद्धार्थ और तमन्ना की केमिस्ट्री गाने में खास ताजगी लेकर आती है।
लोककथा, फैंटेसी और रोमांच का अनोखा संसार
‘द वन’ भारतीय लोककथाओं को आधुनिक और बड़े सिनेमाई अंदाज में पेश करने वाली फिल्म है। फिल्म में लोककथा, फैंटेसी, रहस्य, रोमांच और हास्य का मेल देखने को मिलेगा। फिल्म को अरुणाभ कुमार ने लिखा है और दीपक मिश्रा ने इसका निर्देशन किया है।
फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है।
फिल्म की कहानी से जुड़े फोकलोर यूनिवर्स को विस्तार देने के लिए ‘द लीजेंड ऑफ वन’ नाम की कॉमिक बुक भी पेश की जा चुकी है।
25 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक
रहस्य, रोमांच, प्यार, संगीत और शानदार विजुअल्स से सजी ‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अब ‘समझो ना’ के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। सवाल यही है कि क्या सिद्धार्थ-तमन्ना की यह नई जोड़ी बड़े पर्दे पर भी दर्शकों का दिल जीतकर ‘ब्लॉकबस्टर’ साबित होगी?
