बोले—2027 में सपा सरकार बनी तो मर्जर के नाम पर बंद सभी सरकारी स्कूल फिर खुलेंगे
लखनऊ। शिक्षक दिवस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर ऐसा ऐलान किया है, जिसने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बहस को नई दिशा दे दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो मर्जर के नाम पर बंद किए गए 26 हजार सरकारी स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा।
लखनऊ पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि स्कूलों का बंद होना केवल इमारतों का बंद होना नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर गांव-कस्बों के उन बच्चों पर पड़ता है, जिनके लिए सरकारी स्कूल ही शिक्षा का सबसे बड़ा सहारा हैं।
‘स्कूल बंद नहीं, शिक्षा के दरवाजे खोलने चाहिए’
अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकारी स्कूलों को मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों और शिक्षिकाओं को भी भरोसा दिलाया कि सपा की सरकार बनने पर उन्हें राहत देने के साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कदम उठाए जाएंगे।
2027 से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश
अखिलेश यादव का यह ऐलान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक तैयारियां तेज हो रही हैं। सरकारी स्कूल, शिक्षक और ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था प्रदेश की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकते हैं।
सपा अध्यक्ष ने शिक्षक दिवस के मंच से साफ संकेत दिया कि पार्टी आने वाले चुनाव में शिक्षा और सरकारी स्कूलों के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या 26 हजार सरकारी स्कूलों को फिर से खोलने का वादा 2027 के चुनाव में सपा के लिए बड़ा राजनीतिक हथियार बनेगा? और इस पर भाजपा सरकार की ओर से क्या जवाब आता है—इस पर सभी की नजरें हैं।
Times of Taj | लखनऊ
