जयपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। हादसा मनियां थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरी एक इको वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पानी के गड्ढे में पलट गई। हादसे के समय वैन में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
दुर्घटना में तीन मासूम बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल हुए सात लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
