स्थानीय लोगों ने डीएम आगरा से निष्पक्ष और समान कार्रवाई की मांग की
फतेहपुर सीकरी। आदर्श नगर पालिका परिषद फतेहपुर सीकरी द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान को लेकर स्थानीय लोगों ने दोहरे मापदंड अपनाने के आरोप लगाए हैं। नागरिकों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सभी के खिलाफ समान रूप से होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पालिका की दीवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों को अपना सामान हटाने के लिए समय दिए जाने की बात सामने आई। वहीं, आरोप है कि इससे एक दिन पहले एक खोखे को बिना पूर्व सूचना हटाते समय संबंधित व्यक्ति को एक दिन की भी मोहलत नहीं दी गई।
इसको लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। उनका सवाल है कि एक ही पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए अलग-अलग नियम क्यों अपनाए जा रहे हैं?

नागरिकों का यह भी आरोप है कि फतेहपुर सीकरी पालिका क्षेत्र के मुख्य मार्गों और बाजारों में अभी भी बड़ी संख्या में अतिक्रमण मौजूद हैं। ऐसे में चुनिंदा स्थानों पर कार्रवाई और अन्य स्थानों पर कथित अनदेखी को लेकर प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को निष्पक्ष, पारदर्शी और समान रूप से संचालित किया जाए। उनका कहना है कि यदि अतिक्रमण है तो कार्रवाई सभी के खिलाफ नियमानुसार होनी चाहिए, किसी व्यक्ति या स्थान को विशेष राहत नहीं मिलनी चाहिए।
सीकरी के नागरिकों ने जिलाधिकारी आगरा से मामले का संज्ञान लेते हुए पालिका क्षेत्र के सभी प्रमुख मार्गों और बाजारों में मौजूद अतिक्रमण के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई कराने की मांग की है।
Times of Taj | फतेहपुर सीकरी
