बटेश्वर धाम के विकास कार्यों पर मुख्यमंत्री का जताया आभार, क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास योजनाओं पर हुई सकारात्मक बातचीत
आगरा,। बाह विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक रानी पक्षालिका सिंह भदावर और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह भदावर ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान बाह विधानसभा क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली बटेश्वर में प्रदेश सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया।
विधायक रानी पक्षालिका सिंह एवं पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने कहा कि योगी सरकार के नेतृत्व में बटेश्वर धाम सहित बाह विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज हुई है। क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से जनता को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि बाह क्षेत्र के विकास के लिए शासन स्तर से मिल रहे सहयोग और मार्गदर्शन के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बटेश्वर के विकास को मिली नई पहचान और बाह के विकास को नई रफ्तार—मुख्यमंत्री से मुलाकात को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
