फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी ने फर्रुखाबाद में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए जिला और महानगर कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से निष्प्रभावी कर दिया है। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव को उनके पद पर बरकरार रखा गया है। उनके अलावा जिला कार्यकारिणी, महानगर अध्यक्ष और महानगर कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से निष्प्रभावी माने जाएंगे।

शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगाराम की ओर से जारी पत्र के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई। पत्र में फर्रुखाबाद से संबंधित फ्रंटल संगठनों के सभी जिलाध्यक्षों तथा राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों को भी तत्काल प्रभाव से निष्प्रभावी किए जाने की जानकारी दी गई है।
गुटबाजी के बीच बड़ा फैसला
चंद्रपाल सिंह यादव के जिलाध्यक्ष बनने के बाद से ही संगठन में गुटबाजी और आपसी खींचतान की चर्चाएं सामने आती रही हैं। बाद में इलियास मंसूरी को महासचिव की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद पार्टी की बैठकों में भी कई बार मतभेद सामने आए।
हाल ही में पार्टी कार्यालय में महासचिव इलियास मंसूरी के साथ हाथापाई की घटना ने संगठन के भीतर चल रहे विवाद को और चर्चा में ला दिया था। बताया जा रहा है कि संगठन में चल रही गतिविधियों और विवादों की जानकारी प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व तक भी पहुंची थी।
जिलाध्यक्ष को छोड़कर सभी पदाधिकारी हटे
पार्टी नेतृत्व के आदेश के मुताबिक जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव को छोड़कर जिला कार्यकारिणी और महानगर संगठन की मौजूदा व्यवस्था को निष्प्रभावी कर दिया गया है। इसके साथ ही फ्रंटल संगठनों और फर्रुखाबाद से संबंधित राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों व सदस्यों पर भी कार्रवाई की गई है।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता की ओर से सोशल मीडिया पर भी इस संबंध में जानकारी साझा की गई, जिसके बाद स्थानीय सपा नेताओं के बीच संगठन में होने वाले अगले बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जिलाध्यक्ष बोले- नेतृत्व के आदेश का पालन होगा
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने बताया कि उन्हें फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणी भंग किए जाने की जानकारी मिली है, हालांकि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का जो भी आदेश होगा, उसका पालन किया जाएगा।
Times of Taj | फर्रुखाबाद
