आगरा। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान ने शनिवार को दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र की मलिन बस्तियों का दौरा कर वहां रहने वाली महिलाओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। बस्तीवासियों ने साफ-सफाई, टूटी सड़कों, कूड़े के ढेर और बदहाल शौचालयों को लेकर नाराजगी जताई।
महिलाओं ने बताया कि बस्तियों में लंबे समय से सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि गंदगी के चलते बच्चे, बुजुर्ग और युवा बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब बताई गई।
बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पार्षद और विधायक भी इन समस्याओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नम्रता दान ने कहा कि आगरा पूरी दुनिया में मोहब्बत की नगरी के नाम से जाना जाता है, लेकिन भाजपा शासन में शहर के कई हिस्सों की हालत बेहद खराब हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मलिन बस्तियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है और नगर निगम की सफाई व्यवस्था इन क्षेत्रों में पूरी तरह विफल नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि सड़कों पर गंदगी और गंदा पानी बह रहा है, लेकिन सरकार और नगर निगम का ध्यान इन बस्तियों की ओर नहीं है। शौचालयों में तैनात कर्मचारियों पर भी उन्होंने जिम्मेदारी का ठीक से निर्वहन नहीं करने का आरोप लगाया।
नम्रता दान ने चेतावनी दी कि मलिन बस्तियों की बदहाल स्थिति और सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस जल्द ही नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से जिम्मेदार अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराया जाएगा और बस्तीवासियों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई जाएगी।
इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष अश्वनी जैन, अदनान कुरैशी, जगदीश जाटव, पारुल शर्मा, रमेश पहलवान, विकास, पारस कुमार, धर्मेंद्र शर्मा, राहुल शर्मा, अनिल कुमार, विमल शर्मा, कपिल, पिंटू, सपना, नरेंद्र कुमार, शिव सिंह, रविंद्र, मनोज, दीपक सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: Times of Taj
