संवाद।। सादिक जलाल
नई दिल्ली: भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का शानदार आगाज करते हुए पहले मुकाबले में 7 विकेट से आसान जीत दर्ज की। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सिर्फ 13.4 ओवर में जीत हासिल कर ली।भारत की जीत में अभिषेक शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। सलामी बल्लेबाज ने महज 32 गेंदों पर 82 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। अभिषेक ने शुरुआत से ही अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। संजू सैमसन के जल्दी आउट होने के बावजूद भारत ने आक्रामक अंदाज जारी रखा। अभिषेक ने सिर्फ 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और मैच का रुख भारत के पक्ष में कर दिया।
ईशान किशन ने भी शानदार साथ देते हुए 33 गेंदों पर 42 रन बनाए और अभिषेक के आउट होने के बाद भारत को मजबूत स्थिति में बनाए रखा। इसके बाद श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने लक्ष्य को पूरा किया। भारत ने 157 रन 3 विकेट के नुकसान पर बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अफगानिस्तान की पारी की शुरुआत खराब रही
इससे पहले अफगानिस्तान की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और भारतीय गेंदबाजों ने मेहमान टीम के शीर्ष क्रम पर लगातार दबाव बनाए रखा। अफगानिस्तान ने 43 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 5 विकेट गंवा दिए थे और उसका स्कोर काफी कम रहने की आशंका नजर आ रही थी।टी20 टीम में वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह ने शुरुआत से ही प्रभाव छोड़ा, जबकि अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर 3 विकेट लिए।मुश्किल स्थिति में मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई ने अफगानिस्तान की पारी को संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 83 रन की अहम साझेदारी की। मोहम्मद नबी ने 27 गेंदों पर 33 रन बनाए, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए।दोनों की साझेदारी की बदौलत अफगानिस्तान 43 रन पर 5 विकेट से उबरते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 156 रन तक पहुंचने में सफल रहा।
अभिषेक शर्मा ने पलट दिया मैच का रुख
157 रन का लक्ष्य चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था, लेकिन अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने पारी के शुरुआती दौर से ही तेजी से रन बनाए और लगातार चौके-छक्के लगाकर अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया।भारत की जीत के साथ ही तीन मैचों की सीरीज में उसे 1-0 की बढ़त मिल गई है। अफगानिस्तान के पास दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में वापसी का मौका होगा, जबकि दिल्ली में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ अगले मुकाबले में उतरेगी।
