सहावर-सोरों मार्ग पर नगला कुबेर के पास हुआ हादसा, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी
कासगंज। सहावर-सोरों मार्ग पर नगला कुबेर गांव के सामने गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ।
पुलिस के अनुसार, पटियाली थाना क्षेत्र के नगला टीका निवासी शिवेंद्र (22) पुत्र रजनेश अपने छोटे भाई प्रियांशु (18) के साथ बाइक संख्या यूपी 87 एन 2913 से सोरों की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 2:15 बजे नगला कुबेर गांव के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दोनों युवकों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहावर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने शिवेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रियांशु की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कासगंज रेफर किया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
