दिल्ली के सदर बाजार क्षेत्र का मामला, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता विवरण की हो रही जांच
नई दिल्ली, । दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पुरानी दिल्ली से एक अनोखा मामला सामने आया है। श्याम मुखीजा नामक 125 वर्षीय मतदाता का नाम भी उन मतदाताओं की सूची में शामिल है, जिन्हें मतदाता विवरण में सामने आई विसंगतियों को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सदर बाजार विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में श्याम मुखीजा के नाम से दर्ज विवरण में विसंगति चिन्हित की गई है। इसी आधार पर संबंधित मतदाता को नोटिस जारी किया गया है।
बताया गया है कि SIR प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के गणना प्रपत्रों में दर्ज जानकारी का परीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 33 लाख से अधिक मतदाताओं के विवरण में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां चिन्हित होने के बाद नोटिस जारी किए गए हैं।
125 वर्ष की आयु दर्ज होने के कारण श्याम मुखीजा से जुड़ा मामला विशेष रूप से चर्चा में आया है। अब नोटिस के माध्यम से संबंधित विवरण की जांच और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
मतदाता सूची के पुनरीक्षण का उद्देश्य दर्ज सूचनाओं की जांच कर सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है।
Times of Taj | नई दिल्ली
अज़हर उमरी, वरिष्ठ पत्रकार
