कासगंज। आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष राधारानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें उठाईं।
ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बढ़ाई गई 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल कर नियमित भुगतान किए जाने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि कई स्थानों पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर जीपीएस के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था को लेकर भी समस्याएं बताई गईं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या के साथ-साथ विभागीय बैठकों, प्रशिक्षण और अन्य सरकारी कार्यों के लिए केंद्र से बाहर जाना पड़ता है।
ज्ञापन के माध्यम से पूर्व से लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान कराने और जीपीएस व्यवस्था लागू न किए जाने की भी मांग की गई। संगठन ने सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
इस दौरान सुधा, शालिनी माहेश्वरी, सुषमा देवी, रीना, प्रीति यादव, साक्षी, मेघा, सत्यवती, अंजली, सुमन मिश्रा, प्रेमलता, कृष्णा, मिथलेश, गीता गौतम, रेखा, अर्चना सक्सेना, बबिता, ऊषा, अनीता, संगीता, बीना, गीता, दीपा, गायत्री, संजू, रश्मि, सुमन, राजकुमारी, रमा पांडेय, रत्ना रानी, सरोज कुमारी, केला देवी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री मौजूद रहीं।
