
आगरा। 11वें आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार, 23 सितंबर 2026 को अपराह्न 3 बजे यूथ हॉस्टल, आगरा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री ऋषि उपाध्याय, संयोजक, बृज क्षेत्र भाजपा ने भगवान धन्वंतरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. एम.एस. आलम ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
कार्यक्रम में एस.आर.एस. आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज तथा नैमीनाथ मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं के मध्य ‘AI का एकीकरण’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही आयुष विभाग के चिकित्साधिकारियों द्वारा आयुर्वेद से संबंधित व्याख्यान एवं शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।

मुख्य अतिथि श्री ऋषि उपाध्याय ने प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने अपने उद्बोधन में आयुर्वेद की उपयोगिता तथा आधुनिक तकनीक के साथ इसके समन्वय के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य योग प्रशिक्षक श्री के.पी. सिंह ने किया। कार्यक्रम में आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों तथा फार्मेसी के संचालक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. एम.एस. आलम ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
