यूपी मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों ने भूमि -पूजन के साथ की निर्माण कार्य की शुरुआत
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा सार्वजनिक यातायात को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। गुरुवार को यूपी मेट्रो ने आगरा मेट्रो के दूसरे डिपो का पूजा अर्चना के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
इस कार्यक्रम के दौरान आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक श्री अरविंद राय समेत मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बता दें पुरानी मंडी 15 वाहिनी परिसर में पहला डिपो पूरी तरह ऑपरेशनल है। इस डिपो से प्राथमिक सेक्शन के लिए सफलतापूर्वक मेट्रो ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही फूल सैयद चौराहे के निकट दूसरे डिपो का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।
आपस में जुड़ेंगे दोनों डिपो, ट्रेनों के रखरखाव को मिलेगी मदद
आगरा मेट्रो के दोनों डिपो आपस में जुड़ेंगे, जिससे दोनों कॉरिडोर में ट्रेनों का संचालन बेहद आसान हो जाएगा। दरअसल, पहले दूसरा कॉरिडोर कालिंदी विहार में बनना प्रस्तावित था। ऐसी स्थिति में डिपो से ट्रेन ऑपरेशन में सामंजस्य स्थापित करने में अतिरिक्त समय लग सकता था। आगरा मेट्रो के दोनों कॉरिडोर के लिए कुल 28 ट्रेनें आनी हैं। यदि दूसरा डिपो कालिंदी विहार में बनता तो 16 ट्रेनें दूसरे कॉरिडोर के लिए जबकि 12 ट्रेन प्रथम कॉरिडोर के लिए प्रयोग होतीं। इसके साथ ही दूसरे कॉरिडोर में भी ट्रेनों के रखरखाव के लिए पुनः नई मशीनें लगाई जातीं। जिसमें खर्चा भी अधिक आता।
ऐसे में दूसरे डिपो को पहले डिपो के निकट बना कर दोनों को जोड़ने की योजना बनाई गई। इससे न केवल सभी 28 ट्रेनों का प्रयोग दोनों कॉरिडोर में आवश्यकतानुसार किया जा सकेगा बल्कि ट्रेनों के रखरखाव में भी आसानी होगी, एवं लागत भी कम आएगी ।
विदित हो कि डिपो कार्य के शुभारंभ के साथ कॉरिडोर २ के स्टेशनों का निर्माण भी तेज गति के साथ किया जा रहा है, एवं कॉरिडोर १ के शेष भूमिगत सेक्शन पर जल्द ही मेट्रो सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। यूपीएमआरसी आगरा वासियों को एक विश्वस्तरीय मेट्रो प्रणाली देने हेतु निरंतर प्रयासरत है ।
