“डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यशाला में लिया संकल्प
आगरा, केमिस्ट एसोसिएशन ने डायरिया से शून्य से पांच साल तक के बच्चों को सुरक्षित बनाने में बड़ी भूमिका निभाने का संकल्प लिया है। इसके लिए एसोसिएशन खासकर डायरिया के प्रति जागरूकता पर जोर देगा और मेडिकल स्टोर पर आने वालों को डायरिया के बारे में जानकारी देने के साथ ही उससे बचाव व रोकथाम के उपायों के बारे में भी बताएगा और उचित उपचार के लिए चिकित्सक के पास जाने की सलाह भी देगा। यह फैसला गुरूवार को स्थानीय एक होटल में केमिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष आशीष ब्रह्मभट्ट व महामंत्री राजीव शर्मा की उपस्थिति में आयोजित अभिमुखीकरण कार्यशाला में लिया गया l पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू (KENVUE) के सहयोग से जनपद आगरा में चल रहे ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता महामंत्री राजीव शर्मा ने की।

कार्यशाला में पीएसआई इंडिया के पंकज कुमार ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के बारे में बताया कि यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के 13 और बिहार के तीन जनपदों में चलाया जा रहा है, जिसमें शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि डायरिया नियंत्रण और रोकथाम में केमिस्ट बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। इस पर केमिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष आशीष ब्रह्मभट्ट ने कार्यक्रम को सफल बनाने में हरसम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समुदाय में डायरिया को लेकर आज भी भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिनको दूर करना बहुत जरूरी है। इसमें वह भरपूर सहयोग करेंगे।
महामंत्री राजीव शर्मा ने केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों की डायरिया पर पीएसआई इंडिया द्वारा कराई जा रही कार्यशाला की सराहना की एवं आश्वासन दिया कि आगे भी वह ऐसे आयोजनों में सहयोग करेंगेI उन्होंने कहा कि डायरिया से अपने साथ ही बच्चों को सुरक्षित बनाने के लिए घर पर ओआरएस और जिंक अवश्य रखें क्योंकि यही इसका सही उपचार है I जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र जाकर चिकित्सक की सलाह अवश्य लें I कार्यशाला में केमिस्ट लिफाफा एवं पोस्टर का वितरण मौजूद दवा व्यापारियों को किया गया I कार्यशाला के अन्त में केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष ब्रह्मभट्ट ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यशाला में केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यगण , कोषाध्यक्ष सतीश पाठक, संस्थापक श्याम तिवारी, एसोसिएशन के पदाधिकारी रमेश चंद माहेश्वरी के साथ ही पीएसआई इंडिया से आरती आदि उपस्थित रहे।
