पुलिस के मुताबिक लूट के इरादे से वारदात, ₹1.35 लाख नकद, जेवर, मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद
कासगंज। थाना कोतवाली कासगंज पुलिस और जनपदीय एसओजी टीम ने अशोक नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास 18 वर्षीय किशोरी की हत्या की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1,35,100 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, मृतका का मोबाइल फोन, दुपट्टा और चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कासगंज ने घटना के सफल अनावरण के लिए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 की सुबह थाना कोतवाली कासगंज क्षेत्र में अशोक नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास खेत में बनी समरसेबिल की कोठरी की छत पर 18 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। परिजनों की तहरीर पर थाना कोतवाली कासगंज में मुकदमा अपराध संख्या 578/2026 के तहत धारा 103(1), 238 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, मुखबिर की सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 को पुरानी रेलवे क्रॉसिंग, अशोक नगर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि मृतका की समीर और अरसद से दोस्ती थी। पुलिस का दावा है कि समीर को मृतका के घर में रखे कमेटी के रुपये और जेवर के बारे में जानकारी हुई थी। इसके बाद उसने अपने साथियों अरसद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर रुपये और जेवर हासिल करने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, मृतका 1,35,100 रुपये और सोने-चांदी के आभूषण लेकर आरोपियों के पास पहुंची। आरोप है कि चारों उसे खेत में बनी ट्यूबवेल की कोठरी के पास ले गए, जहां पहले दुपट्टे से उसका गला दबाया गया और बाद में चाकू से गर्दन पर वार किया गया। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया और मृतका के कपड़े, चप्पल, बैग तथा मोबाइल से निकाली गई सिम को झाड़ियों में जला दिया। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ सामान आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- समीर, निवासी अशोक नगर, कासगंज, उम्र करीब 20 वर्ष
- अमित, निवासी इंडस्ट्रियल एरिया, इस्माइलपुर रोड, कासगंज, उम्र करीब 18 वर्ष
- अरसद, निवासी एचपी गैस एजेंसी के पीछे, मस्जिद वाली गली, कासगंज, उम्र करीब 22 वर्ष
- अरसलान, निवासी तहसील रोड, गप्पू का चौराहा, कासगंज, उम्र करीब 19 वर्ष
बरामदगी
- ₹1,35,100 नकद
- दो अंगूठियां और एक जोड़ी कानों के टॉप्स
- दो हथफूल और एक जोड़ी पायल
- मृतका का मोबाइल फोन
- कथित तौर पर वारदात में प्रयुक्त दुपट्टा और चाकू
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना कोतवाली कासगंज के प्रभारी निरीक्षक जगदीश चन्द्र मय टीम तथा एसओजी प्रभारी रितेश कुमार मय टीम शामिल रहे।
नोट: यह समाचार कासगंज पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय में साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर होगा।
