फतेहपुर सीकरी। हज़रत ख़्वाजा निज़ामुद्दीन औलिया रहमतुल्लाह अलैह (दिल्ली) के 723वें उर्स मुबारक के मौके पर फतेहपुर सीकरी स्थित हज़रत शेख़ सलीम चिश्ती की दरगाह में कुल शरीफ की रस्म अदा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआ की।
सुबह करीब 10 बजे पीरज़ादा सैफ़ मियां चिश्ती ने अकीदतमंदों के साथ दरगाह पर चादरपोशी और गुलपोशी की। इसके बाद फातिहा ख्वानी, शिजरा ख्वानी और तिलावते कुरआन का आयोजन हुआ। रस्म के बाद अकीदतमंदों के बीच लंगर तकसीम किया गया।

इस अवसर पर शाही कव्वालों ने हज़रत ख़्वाजा निज़ामुद्दीन औलिया की शान में सलाम और सूफियाना कलाम पेश किया। कव्वाली सुनकर अकीदतमंद भावविभोर हो गए।
हज़रत ख़्वाजा सैय्यद मुहम्मद निज़ामुद्दीन औलिया महबूब-ए-इलाही का सालाना उर्स दिल्ली स्थित उनकी दरगाह शरीफ में रबीउल आखिर की 17, 18 और 19 तारीख को अकीदत के साथ मनाया जाता है। उर्स के दौरान देश-विदेश से आने वाले कव्वाल सूफियाना कलाम पेश करते हैं और अमन-चैन व भाईचारे के लिए विशेष दुआएं की जाती हैं।
इसी परंपरा के तहत फतेहपुर सीकरी की दरगाह में भी हर वर्ष कुल शरीफ की रस्म अदा की जाती है।
कार्यक्रम में हाफिज़ आलम रज़ा, अनवार कुरैशी, बदरुद्दीन कुरैशी, आकिब हुसैन, चांद भाई, अब्दुल कदीर, मोहम्मद रफीक, शानू, फहीम भाई, मुस्तकीम और बाबा सहित अन्य अकीदतमंद मौजूद रहे।
