पहले दिन ‘सफाई मित्रों’ के लिए आयोजित हुए हाउसकीपिंग गेम्स
मेट्रो अधिकारियों ने ली स्वच्छता शपथ, किया श्रमदान
कम्पोजिट स्कूल, मंटोला के बच्चों ने की मेट्रो राइड ; विकसित भारत थीम पर बनाई मनमोहक पेंटिंग
29 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक लखनऊ, कानपुर और आगरा में स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPMRCL) द्वारा 29 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान आगरा में मेट्रो स्टेशनों, कार्यालयों और परियोजना स्थलों पर स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

स्वच्छता सप्ताह के पहले दिन आगरा मेट्रो की ओर से मेट्रो स्टेशनों पर कार्यरत हाउसकीपिंग कर्मचारियों यानी ‘सफाई मित्रों’ के लिए हाउसकीपिंग गेम्स का आयोजन किया गया। हर वर्ष आयोजित होने वाली इस पहल के तहत महिला और पुरुष सफाई मित्रों के लिए अलग-अलग म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता कराई गई। इस प्रतियोगिता में सफाई मित्रों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया जिससे उनको रोजमर्रा के काम से अलग कुछ समय बिताने का अवसर भी मिला।
मेट्रो स्टेशनों को साफ-सुथरा रखने और यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे रोजाना यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों की साफ-सफाई करते हैं। हाउसकीपिंग गेम्स के माध्यम से UPMRCL ने उनके योगदान और मेहनत को सम्मान देने के साथ-साथ उनका उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया।
स्वच्छता शपथ एवं श्रमदान
आगरा मेट्रो अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान के अन्तर्गत आज विभिन्न जगहों पर श्रमदान किया एवं स्वच्छता शपथ लेकर १०० घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया।
स्वच्छता सप्ताह अभियान के तहत आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परियोजना निदेशक कार्यालय, डिपो परिसर, ताज ईस्ट गेट स्टेशन, कैप्टेन शुभम् गुप्ता, फतेहाबाद रोड, ताज महल, डॉ अंबेडकर चौक एवं मंकामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

कंपोज़िट स्कूल आगरा के बच्चों ने ‘विकसित भारत 2047’ थीम पर बनाई मनमोहक पेंटिंग
स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमे एक कार्यक्रम स्कूली बच्चों द्वारा पेंटिंग प्रस्तुत करने का भी रहा।
कम्पोजिट स्कूल मंटोला के होनहार छात्रों ने आकर्षक पेंटिंग बनाई। सभी बच्चों ने फिर मेट्रो राइड का आनंद भी लिया, एवं स्वच्छता का संकल्प लिया और अपने आसपास साफ़ सफ़ाई रखने का निश्चय किया ।
स्वच्छता सप्ताह का समापन 5 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर UPMRCL के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “स्वच्छता हम सभी की साझा जिम्मेदारी है और सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर मेट्रो यात्रा के लिए इसका विशेष महत्व है। हमारे सफाई मित्र हर दिन स्टेशनों को साफ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वच्छता सप्ताह स्वच्छता के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दोहराने के साथ-साथ उन लोगों के प्रयासों को सम्मान देने का अवसर भी है, जो हर दिन मेट्रो को साफ-सुथरा रखने में अपना योगदान देते हैं।”
