आगरा। आगरा खंड शिक्षक और स्नातक MLC चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। 6 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख है। ऐसे में आखिरी दो दिनों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। अब तक शिक्षक और स्नातक दोनों सीटों पर कुल 5 प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
समाजवादी पार्टी के स्नातक MLC प्रत्याशी शशांक यादव और शिक्षक MLC प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। दोनों प्रत्याशी पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों के साथ करीब दोपहर 12 बजे मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे। इससे पहले सुबह करीब 11 बजे सपा कार्यालय से दोनों प्रत्याशी जुलूस के रूप में मंडलायुक्त कार्यालय के लिए रवाना होंगे।
नामांकन के दौरान आगरा के अलावा फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कासगंज, हाथरस, औरैया और कन्नौज से भी सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है।
ऐन वक्त पर बदला शिक्षक प्रत्याशी
डॉ. आकाश अग्रवाल ने शनिवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद पार्टी ने उन्हें आगरा खंड से शिक्षक MLC चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया। इससे पहले सपा ने डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता को शिक्षक MLC प्रत्याशी बनाया था, लेकिन नामांकन से ठीक पहले पार्टी ने अपना प्रत्याशी बदल दिया।
सपा प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी ने कहा कि पार्टी इस चुनाव में दोनों सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को पार्टी के दोनों प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे।
भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी पहले ही कर चुके नामांकन
शिक्षक MLC सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी इंजी. हरिकिशोर तिवारी तथा निर्दलीय प्रत्याशी भोज कुमार शर्मा और मोहम्मद वसीम अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
वहीं, स्नातक MLC सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी रूमा कुमारी भी नामांकन पत्र जमा कर चुकी हैं।
नामांकन की अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ ही दोनों सीटों पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और अब सभी की नजरें आखिरी दो दिनों में होने वाले नामांकन पर टिकी हैं।
Times of Taj Disclaimer: यह समाचार उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें शामिल राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों से संबंधित दावे संबंधित पक्षों के बयानों पर आधारित हैं।
