फतेहाबाद से युवती को ले जाने के मामले में खुलासा, इटावा के बढ़पुरा क्षेत्र में बरामद हुआ शव
आगरा। थाना मदन मोहन गेट पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने, आत्महत्या के लिए उकसाने और शव को छिपाने के उद्देश्य से यमुना नदी में बहा देने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाटा पंच कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को बाह थाना क्षेत्र के रुदमुली गांव निवासी विकास प्रताप सिंह ने थाना मदन मोहन गेट में तहरीर दी थी कि उनके गांव का शिवजीत उनकी बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 5/6 अक्टूबर की रात शिवजीत पुत्र जयराम सिंह निवासी ग्राम रुदमुली, थाना बाह को बिचौला रोड के किनारे से हिरासत में लिया।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि युवती के साथ उसका करीब दो वर्ष से प्रेम संबंध था। 24 सितंबर को वह युवती को आगरा से फतेहाबाद स्थित किराये के मकान में ले गया था। 29 सितंबर को पत्नी को तलाक देने के मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि इसके बाद युवती ने कमरे में लगे पंखे से फांसी लगा ली।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने खुद के हत्या के मामले में फंसने के डर से मोबाइल फोन बंद कर दिया और 30 सितंबर की रात थाना चित्राहाट क्षेत्र के कचौरा घाट पुल से युवती का शव यमुना नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने युवती के शव की बरामदगी के लिए थाना चित्राहाट कमिश्नरेट आगरा तथा इटावा के संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। यमुना नदी के किनारे स्थित बलरई, सिविल लाइन और बढ़पुरा थानों को भी सूचना दी गई।
6 अक्टूबर को थाना बढ़पुरा क्षेत्र में यमुना नदी से युवती का शव बरामद कर लिया गया। इटावा पुलिस द्वारा शव के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी शिवजीत को युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने, आत्महत्या के लिए उकसाने और शव को छिपाने के उद्देश्य से नदी में बहाने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी: शिवजीत पुत्र जयराम सिंह, निवासी ग्राम रुदमुली, थाना बाह, आगरा।
बरामदगी: टाटा पंच कार।
मुकदमा: मु.अ.सं. 45/26, धारा 87/108/238(बी) बीएनएस, थाना मदन मोहन गेट, कमिश्नरेट आगरा।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह भाटी, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल सुगंध बंसल शामिल रहे।
नोट: खबर में आत्महत्या और आरोपी के कथित बयान से संबंधित तथ्य पुलिस के अनुसार हैं; मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।
