संवाद।। सादिक जलाल
नई दिल्ली। प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के छठे सीजन का आयोजन 9 से 26 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम स्थित केडी जाधव कुश्ती एरिना में होगा। भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।लीग के शुभारंभ समारोह में एशियाई खेल 2026 के पदक विजेता भारतीय पहलवानों को सम्मानित किया गया। इनमें पुरुषों की 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्पर्धा के स्वर्ण पदक विजेता सुजीत कलकल और अमन सहरावत के अलावा अंतिम पंघाल, नितेश सिवाच, दीपक पूनिया और सुनील कुमार शामिल रहे।छठे सीजन में पुरुष और महिला वर्ग के कुल 86 पहलवान हिस्सा लेंगे। इनमें 34 ओलंपियन तथा राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता शामिल होंगे। जापान की ओलंपिक चैंपियन युई सुसाकी भी प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
खिताब के लिए टाइगर्स ऑफ मुंबई दंगल्स, हरियाणा थंडर्स, दिल्ली दंगल वॉरियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डोमिनेटर्स के बीच मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता नौ ओलंपिक भार वर्गों में आयोजित की जाएगी। पुरुषों के मुकाबले 57, 65, 74, 86 और 125 किलोग्राम, जबकि महिलाओं के मुकाबले 53, 57, 62 और 76 किलोग्राम वर्ग में होंगे।लीग में मुकाबलों का प्रारूप तीन-तीन मिनट के दो राउंड का होगा। इसके साथ ही ‘पावर मिनट’ का नियम भी लागू रहेगा, जिसके तहत मुकाबले के अंतिम 60 सेकंड में हासिल किए गए अंक दोगुने माने जाएंगे।
पीडब्ल्यूएल के चेयरमैन दयान फारूकी ने कहा कि लीग का उद्देश्य भारतीय कुश्ती को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ देशभर के दर्शकों तक विश्वस्तरीय मुकाबले पहुंचाना है। वहीं, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में कुश्ती की समृद्ध परंपरा और खेल के प्रति लोगों के उत्साह को देखते हुए यहां लीग का आयोजन खास महत्व रखता है।ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सुजीत कलकल ने सम्मान के लिए आभार जताते हुए कहा कि प्रो रेसलिंग लीग युवा पहलवानों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सीखने का अवसर देती है।वर्ष 2015 में शुरू हुई प्रो रेसलिंग लीग के पांचवें सीजन के फाइनल में हरियाणा थंडर्स ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 5-4 से हराकर खिताब जीता था। छठे सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख और प्रसारण साझेदारों की घोषणा आने वाले सप्ताहों में की जाएगी।
