नीलगाय टकराया बाइक सवार,उपचार के दौरान युवक की मौत,परिवार में मचा कोहराम
कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र में चांडी नहर पुल के समीप बाइक सवार नीलगाय से टकरा गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक रविवार की दोपहर करीब एक बजे चांडी नहर पुल पर सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। यहां बाइक सवार घायलावस्था में मिला, जिसने बाइक के नीलगाय से टकराने की वजह से घायल होने की बात कही। पुलिस ने उसके परिजनों को जानकारी देते हुए घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अजीम पुत्र सलीम अंसारी निवासी मोहल्ला नई बस्ती गंजडुंडवारा रोड कस्बा सहावर के रूप में हुई है। मृतक के चाचा शकील ने बताया गत दिवस मृतक के बड़े भाई तस्लीम राजगिरि का काम करते समय गिर गए थे, उन्हें ही पट्टी के लिए वह कासगंज आ रहा था, तभी उसके साथ दुर्घटना हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
