मां चामुण्डा देवी मंदिर का किया निरीक्षण, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस अधिकारियों के साथ की पैदल गश्त
कासगंज। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पर्व को शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, आगरा ने जनपद कासगंज का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और प्रमुख देवी मंदिरों, बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह एवं अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रमुख देवी मंदिरों, पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरियर, सीसीटीवी कैमरों, रूट डायवर्जन, पार्किंग तथा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के संबंध में जानकारी ली गई। अधिकारियों को सेक्टर और जोन के अनुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मां चामुण्डा देवी मंदिर का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने कस्बा कासगंज स्थित मां चामुण्डा देवी मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्गों का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के साथ शहर के प्रमुख बाजारों, देवी मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की।
पैदल गश्त के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को आश्वस्त किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
महिला सुरक्षा और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती पर जोर
अपर पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान मंदिरों में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाए। इसके अतिरिक्त महत्वपूर्ण स्थलों पर सादे कपड़ों में पुलिस बल की तैनाती और एंटी रोमियो टीमों की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह ने बताया कि जनपद के सभी प्रमुख मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला बीट, पीआरवी और यातायात पुलिस को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर अन्य राजपत्रित पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
