फाइनल में टीम ‘बी’ को 2-0 से हराया, 15 विद्यालयों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
आगरा। सेंट पीटर्स कॉलेज, आगरा में आयोजित 57वें आर्चबिशप डोमिनिक अथाइड मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का गुरुवार को उत्साह और खेल भावना के साथ समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में सेंट पीटर्स कॉलेज की टीम ‘ए’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ‘बी’ को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। इस वर्ष प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।





समापन समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल अश्वनी उपाध्याय उपस्थित रहे। इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक फादर इग्नेशियस मिरांडा, फादर डेनिस डीसूजा (शिक्षा निदेशक, आर्चडायसिस आगरा), डॉ. पराग गौतम, प्रधानाचार्य फादर डॉ. ऑल्विन पिंटो, उपप्रधानाचार्य फादर कुलकंत और सिस्टर एन्सी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत और प्रार्थना के साथ हुआ। खिलाड़ियों के परिचय के बाद फाइनल मुकाबला शुरू हुआ। दोनों टीमों ने पूरे मैच में अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और टीमवर्क का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बीच सेंट पीटर्स टीम ‘ए’ ने दो गोल दागकर 2-0 से जीत दर्ज की और विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मान
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
- मैन ऑफ द टूर्नामेंट: इहान आदिल
- बेस्ट गोलकीपर: अरीब खान
- टॉप स्कोरर ऑफ द टूर्नामेंट: अध्ययन मनोज सिंह
- मैन ऑफ द मैच: प्रबल कुमार गुप्ता
विजेता टीम को प्रमाणपत्र के साथ 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि कर्नल अश्वनी उपाध्याय और कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर डॉ. ऑल्विन पिंटो ने किया।

आयोजन में इनका रहा सहयोग
टूर्नामेंट के सफल संचालन में रेफरी परमजीत सिंह, अनिल राजन, मनोज शर्मा, ग्यासुद्दीन कुरैशी, सोनू वर्मा और राहुल कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय के कोच अंकुश कुमार, कौशलेंद्र सिंह, शरद उपाध्याय, निनाद मिल्टन और सुमंत कुमार ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।

धन्यवाद ज्ञापन के साथ 57वें आर्चबिशप डोमिनिक अथाइड मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का समापन हुआ। प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का संदेश भी दिया।
