भागलपुर: मुंगेर विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद शाहिद रजा जमाल (शाहिद रजमी) को डीन, फैकल्टी ऑफ ह्यूमैनिटीज नियुक्त किया गया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 8 अक्टूबर को जारी अधिसूचना में जानकारी दी गई है। उनकी नियुक्ति कुलपति की स्वीकृति से की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 की धारा 26 की उपधारा 5 (i) के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए माननीय कुलपति ने प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद शाहिद रजा जमाल की नियुक्ति को मंजूरी दी है। वह अगले आदेश तक डीन, फैकल्टी ऑफ ह्यूमैनिटीज के पद पर बने रहेंगे।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार की ओर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित उच्च शिक्षा अधिकारियों, बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग, विश्वविद्यालय के सभी स्नातकोत्तर विभागों के अध्यक्षों, संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
प्रोफेसर जमाल मुंगेर विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग में प्रोफेसर तथा विभागाध्यक्ष के रूप में पिछले कई वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। डीन, फैकल्टी ऑफ ह्यूमैनिटीज की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनके पास विश्वविद्यालय के मानविकी संकाय से जुड़े अतिरिक्त शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी भी होगी। उनकी नियुक्ति को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
