किरावली के आरबीएल गार्डन में जुटे सैकड़ों विप्र बंधु, भगवान श्रीराम और भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने का आह्वान; एमएलसी प्रत्याशी राहुल पाराशर के समर्थन में मतदान की अपील
आगरा, 20 अक्टूबर। परशुराम विप्र जागृति ट्रस्ट की ओर से तृतीय शास्त्र एवं शस्त्र पूजन समारोह किरावली स्थित आरबीएल गार्डन में भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगरा शहर और देहात क्षेत्र के अछनेरा, किरावली, रायभा, अभेदोपुरा, नोवरी, खेरागढ़ सहित विभिन्न गांवों से सैकड़ों विप्र बंधुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर तथा भगवान श्रीराम, भगवान परशुराम और मां जगदंबा के चित्रों पर माल्यार्पण करके किया।
धर्म की विजय और मर्यादा का प्रतीक है विजयदशमी
समारोह को संबोधित करते हुए ट्रस्ट अध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा कि विजयदशमी केवल बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व नहीं है, बल्कि यह अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश भी देता है। भगवान श्रीराम ने मर्यादा और धर्म का पालन करते हुए अहंकार का अंत किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शस्त्र का उद्देश्य भय फैलाना नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, समाज की सुरक्षा और धर्म की स्थापना करना है। शस्त्र का संबंध शक्ति, साहस और कर्तव्य से है। शक्ति का उपयोग सदैव न्याय और जनकल्याण के लिए होना चाहिए, न कि किसी को नुकसान पहुंचाने के लिए।
विप्र बंधुओं को अंगवस्त्र पहनाकर किया सम्मानित
कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले विप्र बंधुओं को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण तथा सामाजिक एकजुटता पर भी जोर दिया गया।
समारोह में आगरा शिक्षक खंड से विधान परिषद प्रत्याशी राहुल पाराशर अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान शिक्षक बंधुओं से उनका परिचय कराया गया और 23 अक्टूबर को मतदान में उनके समर्थन की अपील की गई।
ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में मिनेश शर्मा, हिलेंद्र शर्मा, ललित नारायण शर्मा, लक्ष्मीकांत शुक्ला (सभासद), धीरज शर्मा, राजीव उपाध्याय, लक्ष्मीकांत शर्मा, संजय भारद्वाज, अनिल मुखेरिया, हरीश शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, दीपक दीक्षित, प्रवेश उपाध्याय, अमर प्रकाश शर्मा, धर्मेंद्र प्रधान, जितेंद्र शर्मा, एडवोकेट देवेश उपाध्याय, आरके इंदौलिया (विहिप), गोविंद लवानिया, मुरली मनोहर रावत, कमल सिंह इंदौलिया, रमेश पुरी, मनोज त्रिपाठी, शिवम मुखेरिया, प्रवीण शर्मा, पुरुषोत्तम गिरी, अतुल अवस्थी, सागर चतुर्वेदी और विकास चतुर्वेदी सहित सैकड़ों विप्र बंधु उपस्थित रहे।
डिस्क्लेमर: यह समाचार आयोजकों से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें व्यक्त विचार संबंधित वक्ताओं के हैं।
— Times of Taj
