पार्क से आपत्तिजनक महिला मूर्ति हटाने सहित आठ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
आगरा। होटल हॉवर्ड प्लाजा के सामने स्थित बाबू जगजीवन राम पार्क की बदहाल स्थिति और अव्यवस्थाओं को लेकर जाटव समाज उत्थान समिति ने आवाज बुलंद की है। समिति के पदाधिकारियों ने 20 अक्टूबर 2026 को मंडलायुक्त, आगरा मंडल को ज्ञापन सौंपकर पार्क की व्यवस्थाओं में सुधार कराने और लंबे समय से विवाद का कारण बनी महिला की मॉडल मूर्ति को तत्काल हटवाने की मांग की।

समिति ने ज्ञापन में कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की स्मृति में स्थापित इस पार्क में एक महिला की फाइबर मॉडल मूर्ति सौंदर्यीकरण के नाम पर रखी गई थी। स्थानीय लोगों द्वारा इसका विरोध किए जाने के बावजूद अब तक इसे नहीं हटाया गया है। समिति का कहना है कि इस मूर्ति से पार्क की गरिमा प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में पार्क की अन्य समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। समिति ने मांग की कि पार्क की बाउंड्रीवाल पर तार फेंसिंग और ऊंची कराई जाए, पेड़-पौधों की नियमित देखभाल एवं कटाई-छंटाई के लिए माली नियुक्त किया जाए तथा सुरक्षा के लिए चौकीदार की तैनाती हो। इसके अलावा पार्क में पर्याप्त रोशनी के लिए नगर निगम द्वारा नियमित लाइटों की व्यवस्था, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और पार्क के आसपास पड़े सीवर की बड़ी पाइप को हटाने की मांग की गई।

समिति ने पार्क में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था कराने की आवश्यकता भी बताई। ज्ञापन में कहा गया कि सीवर पाइप के आसपास गंदगी और दुर्गंध के कारण पार्क में आने वाले स्थानीय नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जाटव समाज उत्थान समिति ने मंडलायुक्त से जनहित और स्थानीय नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की।
ज्ञापन पर समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार संत सहित संरक्षक देवकी नंदन सोन, विनोद आनंद एवं अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
