राष्ट्रीय एकता दिवस पर खानकाह मनेर शरीफ के सज्जादानशीन का संदेश, नफरत के माहौल को मोहब्बत से बदलने का किया आह्वान
पटना। भारत की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में सूफीवाद की भूमिका महत्वपूर्ण है। सूफीवाद लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है। यह बात खानकाह मनेर शरीफ, पटना के सज्जादानशीन, गद्दीनशीन एवं मुतवल्ली सय्यद शाह तारिक इनायत उल्लाह फिरदौसी ने कही।
सूफी खानकाह एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूफी मोहम्मद कौसर हसन मजीदी के नेतृत्व में देशभर में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत सय्यद शाह तारिक इनायत उल्लाह फिरदौसी के शुभकामना संदेश के साथ हुई।
खानकाह मनेर शरीफ से जारी बयान में उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है और विविधता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। सूफीवाद इस एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नफ़रत का जवाब मोहब्बत से देना सूफियों की परंपरा
सय्यद तारिक इनायत उल्लाह फिरदौसी ने कहा कि सूफियों ने हमेशा समाज में नकारात्मक विचारों के प्रभाव को कम करने और सकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास किया है। नफरत से भरे माहौल को मोहब्बत, भाईचारे और आपसी सद्भाव के जरिए खुशगवार बनाना सूफियों की परंपरा रही है।
उन्होंने कहा कि सूफी शिक्षाएं इंसानियत, प्रेम और आपसी सम्मान का संदेश देती हैं। आज के समय में समाज को जोड़ने और लोगों के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए इन मूल्यों को अपनाना जरूरी है।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सय्यद शाह तारिक इनायत उल्लाह फिरदौसी ने सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से मोहब्बत के फूल खिलाने और प्यार के दीप जलाकर देश में एकता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश की मजबूती आपसी प्रेम, विश्वास और एकजुटता में निहित है। सभी नागरिकों को मिलकर ऐसा वातावरण बनाना चाहिए, जहां विविधता का सम्मान हो और नफरत की जगह मोहब्बत को बढ़ावा मिले।
TIMES OF TAJ डिस्क्लेमर: यह समाचार सूफी खानकाह एसोसिएशन और खानकाह मनेर शरीफ से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।
