ईद को लेकर दिए गए बयान पर सपा के राष्ट्रीय सचिव का पलटवार, बोले- धार्मिक त्योहारों पर राजनीति करना बंद करें
रीवा,। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्वदेशी मेले के दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा ईद और मुस्लिम समाज को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं एडवोकेट शिव सिंह ने विधायक के बयान को नफरत फैलाने वाला और बेतुका बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
शिव सिंह ने सवाल उठाया कि क्या दुनिया में चांद और सूरज भारतीय जनता पार्टी की इजाजत से निकलते हैं? उन्होंने कहा कि यदि चांद-सूरज का निकलना किसी राजनीतिक दल की अनुमति पर निर्भर है तो हाल ही में करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं को चंद्रमा के दर्शन क्यों नहीं हो सके? अर्नब चक्रवात के कारण चंद्रमा दिखाई नहीं देने पर भाजपा की कथित शक्ति कहां चली गई थी?
रामेश्वर शर्मा के बयान पर जताई आपत्ति
शिव सिंह के मुताबिक, भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भोपाल में आयोजित स्वदेशी मेले के दौरान मुस्लिम समाज के ईद त्योहार को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था कि सूरज और चांद हमारे हैं और मुसलमान अब हमसे पूछकर ईद मनाएंगे। उन्होंने भगवान शंकर के गुफा में धूनी रमाने और चंद्रमा दिखाई नहीं देने की स्थिति का जिक्र करते हुए भी मुस्लिम समाज पर तंज कसा था।
सभी धर्मों में चांद-सूरज का विशेष महत्व
शिव सिंह ने कहा कि अलग-अलग धर्मों में चांद और सूरज को लेकर अपनी-अपनी धार्मिक मान्यताएं हैं। सिख धर्म में गुरु ग्रंथ साहिब के अनुसार चांद, सूरज और तारे ईश्वर की रचना हैं। ईसाई धर्म में भी चांद और सूरज को ईश्वर की बनाई हुई सृष्टि का हिस्सा माना गया है, जबकि इस्लाम धर्म में अल्लाह की इबादत का विधान है।
उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के त्योहारों और धार्मिक तिथियों के निर्धारण में चंद्रमा और सूर्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। दुनिया के कैलेंडर भी खगोलीय गणनाओं पर आधारित हैं। ऐसे में धार्मिक मान्यताओं को लेकर अनर्गल बयानबाजी करने से पहले तथ्यों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का अध्ययन करना चाहिए।
धार्मिक भावनाओं पर राजनीति न करे भाजपा: शिव सिंह
सपा नेता ने भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान राम के घर में चोरी कराने वालों को किसी भी धर्म का नाम लेने की इजाजत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान समाज में नफरत और विभाजन का माहौल पैदा करते हैं।
शिव सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी भी सूरत में देश को बांटने की साजिश को कामयाब नहीं होने देगी। धार्मिक त्योहारों और आस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए, न कि उन्हें राजनीतिक बयानबाजी का विषय बनाया जाना चाहिए।
रिपोर्ट: TIMES OF TAJ
डिस्क्लेमर: समाचार में शामिल राजनीतिक आरोप और प्रतिक्रियाएं संबंधित वक्ताओं के बयानों पर आधारित हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि तथा संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष उपलब्ध होने पर उसे भी प्रकाशित किया जा सकता है।
